नमष्कार !!आपका स्वागत है ....!!!

नमष्कार !!आपका स्वागत है ....!!!
नमष्कार..!!!आपका स्वागत है ....!!!

21 March, 2014

कुछ पलाश के अनमोल पल दे जाता है ……!!

अबके बसंत बरसा है फाग ……
पलाश के रंग में भीगी हूँ इस तरह ,
लगता है शब्दों के अंबार पर बैठी हूँ मैं
यहाँ सब कुछ मेरा है
रूप अरूप स्वरुप ……
सब कुछ,
तुम्हारे शब्द भी मेरे हैं अब ,
तुम्हारे भाव भी मेरे हैं अब ,
 मेरा अपना एकांत,
और तुम से मिले मेरे अपने शब्द ...!!
किन्तु  बोध मेरा अपना ही ...
और तुम से सजी
मेरी प्रिय आकृति
आकाश  पर चलचित्र की भांति
छाया सी उभरतीं ,
खिल जाता है मेरा  एकांत ,
बरसाता है मुझ पर
मेरी ही पसंद के अनेक शब्द
पंखुड़ियों से
यूं करता अठखेलियाँ ,
छुप छुप कर झाँकता  है,
कभी पहुँच जाता है मुझ तक
कभी फिर छुप जाता है   ....
फिर कभी चुपके से आता है  …
कुछ सपनो के ,कुछ भावों के
कुछ पलाश  के अनमोल पल दे जाता है    ……!!


15 March, 2014

अबकी होरी ....(हाइकु )



प्रेम की बोली ,
रंग रंगीली होली
चन्दन रोली

सूर्योदय सी
उदित प्रमुदित
खिली आशाएँ

शुभ जीवन
राग अनुराग सा ,
खिला है मन

लाई प्रभास
किरणों की टोली
आई है होली

मन पलाश
ज्यों  अबीर गुलाल
है लाल लाल

शील संतोष
केसर रंग घोरी
अबकी होरी


शुभकामना
रंग माथे लगाऊँ
होरी रचाऊँ


है रंग रंग
सतरंग उमंग
बाजे मृदंग

रंग अबीर
गुलाल लाल लाल
मचा धमाल

भई पलाश
रंग गई मनवा
अबकी होरी


मन रसना
रंग भरे सपने
नैन बसना

रंग लगाऊँ
पलाश बोरी घोरी
अबकी होरी

भव सागर
पार करो श्यामा
भरो गागर

प्रीत चढ़ाऊँ
संग श्यामा के नाचूँ
फागवा गाऊँ

मन मोहन
मैं बांस की बांसुरी
उर आनंद

रंगी गुलाबी
ओढ़ी प्रीत पिया  की
खिला जीवन


बरस रहा
बादलों से फागुन
शुभ सगुन

गावन गुण
बरसता  फागुन
सरस मन  

13 March, 2014

तुम मुझे बहुत अपने से लगते हो

रुके हुए से शब्द
ढलक जाते हैं ...
अनायास ...
बिन मौसम भी
बरस जाते हैं नयन कभी ..
फिर भी क्यूँ
झरती हुई बारिश
आँख के कोरों पर रुकी हुई
नहीं दिखा  पाती है
हृदय के समुंदर में छुपे
कुछ  अनमोल  मोती ........!!
*************************************

अपने ही भीतर ढूंढती हूँ खुशी जब ,
तुम मुझे बहुत अपने से लगते हो ,
बंद है मुट्ठी मेरी,
सम्बल  है मेरे पास तुम्हारा ,
मेरे सभी अपनों  का ,
और बढ़ता  जाता है
रोज़ इसका दायरा ,
तभी तो 
दुख में भी
होती तो है बिन मौसम बरसात
फिर भी 
गिरते नहीं आँख से आँसू 
और सुख में 
हँसते हँसते 
आँख छलछला जाती है ...!!

..

25 February, 2014

मेरी पहचान ...!!



दीनता नहीं
ये पलायन का समय भी नहीं ...
ये समय है कर्मठता का
निर्भर हैं हम सब की आशाएँ तुम पर ...
निर्भर हैं हम सब की मुस्कान तुम पर ..
आश्रित ही हैं मेरी उपलब्धियां तुम  पर ,
तुम   संतति मैं प्रकृति ,
माता तुम्हारी ,
मुझमे ही हो तुम ,
और मुझमें ही दिखते हो कितने रूप में तुम ,
उठो अब वक़्त है ,
ऊंची भरो उड़ान .
परवाज़ दो अपने पंखों को ,
भरो उड़ान इस तरह ,
मेरे  बच्चों ,
गूंज उठे भारत का गौरव इस युग में ऐसे
कि  सृजन जीवित रहे  तुम्हारा सदा सदा ,
आँधी और तूफान से भी लड़ सको
कि हौसला बुलंद  रहे तुम्हारा सदा सदा !!




15 February, 2014

पलाश वन सा मन .....!!

याद आती है आज से कई साल पहले की वो दोपहर |मैं जबलपुर से सिहोरा जाती थी वहाँ के महाविद्यालय में अर्थशास्त्र  पढ़ाने !!शटल से सुबह सिहोरा जाना और दोपहर ढाई बजे की (मेल)ट्रेन से लौटना !सिहोरा जा कर पढ़ाना बहुत आसान तो नहीं था  ...!!बहुत छोटा शहर सिहोरा ,जबलपुर से 40 किलोमीटर !शटल से जाते थे और मेल ट्रेन से लौटते !!
घर लौटते हुए किसी न किसी बात पर कुछ चिड़चिड़ाहट सी बनी रहती थी |लेकिन ट्रेन में लौटते हुए दिखते थे ये पलाश के जंगल ....सुर्ख लाल रंग क्या होता है तभी जाना !नयनाभिराम सौन्दर्य आज भी बसा हुआ है आँखों में  |इतने सुंदर दिखते हैं और कुछ ईश्वरीय शक्ति भी निहित है इनमें .....मन का सारा क्लेश हर लेते हैं !!पलाश के दिन आते ही वही रंग याद आता है और लेखन उसी रंग में रंग जाता है ....!!कितना सुखद होता है कर्तव्यों को निभाते हुए भी अपने चंचल स्वत्व को बचाए रखना !!शायद पलाश की छवि अमिट  रह गई मेरे मानस पटल पर ......!!
अब सोचती हूँ ...,प्रेम में अधिकार न हो तो प्रेम निरर्थक  है .....!!ओ पलाश सच बताओ अगर तुम पलाश नहीं होते तो कैसे तुम्हारे प्रेम में रगती ...?... तुम्हारे प्रेम में बंधी ,कितने अधिकार से तुम्हारे सर पर अर्थशास्त्र का सारा बोझ रखकर ...रंगी रही पलाश के रंग में ....लिख पाई कुछ पलाश से रंगी रचनाएँ ...!!गा पाई कुछ पलाश में रंगे गीत ....!!बह पाई कुछ पलाश से भावों में बरसात के इन बादलों  की तरह ......जैसे मेरी बात ये प्रकृति समझ रही है और  रात भर से बरस रही है अपने प्रेम में फिर सबको भिगोने ....
पलाश तो रंग ही प्रेम का है

बहती हवा के संग उमंग
छा रही है मन पर ऐसी
घनीभूत पीड़ा हर जाती है
ये तरंग कैसी
रंग की बहार है
खिल गए असंख्य सुमन ,
आज है गगन मगन ........

ऐसा नहीं कि प्रेम मेरे लिए एक दिन का विषय है .....पर किसी भी बहाने से प्रेम की बात हो ,ज़रूर करनी चाहिए .......

13 February, 2014

हर रूप तुम्हारा ,मन भाया हुआ.....!!


पतझड़ में आस सा
भरमाया  हुआ
बसंत में पलाश सा
मदमाया हुआ
ग्रीष्म में प्यास सा
अकुलाया हुआ
वर्षा में उल्लास सा
हुलसाया  हुआ
शरद में उजास सा
फैला हुआ
शीत में उदास सा
अलसाया  हुआ
हर  मौसम में ,
हर रूप तुम्हारा,
मन पर छाया हुआ ,
मन भाया हुआ.....!!

05 February, 2014

मदमाया है अब बसंत ........!!


मन ने उमंग भरी ,तूलिका ने भरे रंग,
कोयलिया कूक रही ,बाजे है मन मृदंग ||

फूलों की चिटकन है ,रंगों की छिटकन है,
भँवरे की गुंजन है, छाया जो रंजन है !!

धूप में निखार आया रंग की बहार छाई ,
अमुआ की मंजरिया  देखो कैसी बौराई !!


पीत वसना धरती है ,धरती जो पीत वसन ,
धरती से अम्बर तक आया है अब बसंत !!

कंचन सी धूप खिली छाया है अब बसंत !!
सतरंगी चूनर, लहराया है अब बसंत
छाया है अब बसंत ....!!

राग है बहार संग मनवा है यूं मगन !
छेड़ो अब तान कोई ,लागी कैसी लगन,

प्रकृती में बिखरा चहुं ओर उन्माद है ,
हरस रही सरसों है प्रीति का आह्लाद है,

रंग है बहार है रूप का श्रृंगार है ,
खिलती हुई कलियों पर आया जो निखार है ...!!


सतरंगी ...पुष्पों  पर छाया है अब बसंत
मदमाती सुरभि लहराया  है अब बसंत ......!!

रोम रोम  पुलकित  ,मदमाया है अब बसंत ........!!